24 जून 2015 - 11:51
 आतंकवाद से युद्ध, विश्व युद्ध है।

इराक़ के विदेशमंत्री ने आतंकवाद से संघर्ष को विश्व युद्ध की संज्ञा दी है।

इराक़ के विदेशमंत्री ने आतंकवाद से संघर्ष को विश्व युद्ध की संज्ञा दी है।
इब्राहीम जाफ़री ने इराक़ के प्रतिरक्षा शोध विश्वविद्यालय में भाषण देते हुए कहा कि इराक़ की आंतरिक सुरक्षा, विश्व सुरक्षा से जुड़ी हुई है और इसीलिए इराक़ को अपनी अखंडता की रक्षा के लिए क्षेत्रीय व वैश्विक परिवर्तनों से समन्वित रहना चाहिए। इब्राहीम जाफ़री ने कहा कि आतंकवाद से संघर्ष, वैश्विक युद्ध है और यह युद्ध सैन्य केन्द्रों को निशाना नहीं बनाता बल्कि इस युद्ध में स्कूलों, अस्पतालों, निर्दोष लोगों, महिलाओं, बच्चों और बूढ़े लोगों को निशाना बनाया जाता है। इराक़ के विदेशमंत्री ने आईएसआईएल के तकफ़ीरी आतंकियों के विरुद्ध संघर्ष में देश के स्वयंसेवी बलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया और कहा कि स्वयंसेवी बल, सशस्त्र सेना का विकल्प नहीं हैं बल्कि सशस्त्र सेना की कमान में काम कर रहे हैं और दोनों पक्षों के मध्य जितना सहयोग बढ़ेगा, आतंकवादियों से संघर्ष का परिणाम बेहतर होगा। इब्राहीम जाफ़री ने इससे पूर्व कहा था कि आतंकवादियों के मुक़ाबले के लिए देश के स्वयंसेवी बलों का सशस्त्र सेना के साथ सहयोग बहुत ही महत्वपूर्ण तत्व है।
उधर इराक़ के संसद सभापति सलीम जबूरी ने आतंकवाद से संघर्ष के लिए लोगों के एकजुट होने की मांग की है। उन्होंने देश की जनता से आतंकवादियों से संघर्ष में शामिल होने की मांग की।  सलीम जबूरी ने आतंकवाद से संघर्ष में क़बाईलियों के शामिल होने के महत्व पर बल दिया और कहा कि स्वयंसेवी बलों को प्रशिक्षित करना अनिवार्य है। उनका कहना था कि आतंकवाद से संघर्ष विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां आईएसआईएल के आतंकियों ने घुसपैठ कर रखी है, सभी की ज़िम्मेदारी है। उनका कहना था कि इराक़ी जनता को एकजुट होकर आतंकवादियों का मुक़ाबला करना चाहिए।